हजारीबाग: बड़कागांव- हजारीबाग पथ स्थित 13 माइल के समीप चक्रवार जंगल में गुरुवार तड़के बड़कागांव पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी जंगल और अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए. घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है.



जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में चक्रवार घाटी क्षेत्र में मौजूद हैं. सूचना के बाद बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सैयद मोहम्मद निशान के पैर में गोली लगी. घायल अपराधी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया. वहीं उसके दो साथी जंगल की ओर भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में लगातार छापेमारी कर रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





