सरायकेला: जिले के चौका थाना क्षेत्र के बंसा स्कूल मैदान के समीप बुधवार देर शाम तेज रफ्तार सेलेरियो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ गई. हादसे में चार लोग घायल हो गए. इनमें पोद्दोलोचन दास की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.



दुर्घटना में शामिल सेलेरियो कार का चालक सुखदेव महतो (पिता- नेपाल महतो), निवासी सुकसारी, चांडिल बताया जा रहा है. वाहन के मालिक नितिन महतो, निवासी धूनाबुरु टोला, नूतनडीह भी घटना के समय कार में सवार थे.
प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण उसने सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि पुलिस ने अभी तक चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. मामले की जांच जारी है.
घायलों की पहचान पोद्दोलोचन दास, किरिटी पाण्डेय, मानिक पाण्डेय और महेंद्र महतो के रूप में हुई है. चिकित्सकों के अनुसार पोद्दोलोचन दास को शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है. यूरिनल की नली से रक्तस्राव तथा आंत में गंभीर चोट होने की भी जानकारी सामने आई है. उनका इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है.
वहीं किरिटी पाण्डेय के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं. मानिक पाण्डेय के पैर में चोट लगी है. जबकि महेंद्र महतो के पैर की एक उंगली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सेलेरियो कार को जब्त कर लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





