जामताड़ा: करीब 13 वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे एक लाल वारंटी को मिहिजाम पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में आरोपी को दबोचने के बाद मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.



मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि मिहिजाम थाना कांड संख्या 80/2012 का नामजद लाल वारंटी राजेश शर्मा, पिता- मुकेश शर्मा, निवासी न्यू कॉलोनी, पोखर तल्ला, मिहिजाम लंबे समय से फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी. सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मिहिजाम पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. इस कार्रवाई में एएसआई सूबेदार प्रसाद यादव, एएसआई सोनेलाल किस्कू, हवलदार उमेश राय, आरक्षी रजनीश तथा आरक्षी अजीत कांति की सक्रिय भूमिका रही.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





