जमशेदपुर: ‘जाको राखे साईंया, मार सके न कोय’… यह कहावत मंगलवार को सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर हुए सड़क हादसे में चरितार्थ होती नजर आई. जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चालक चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच निकला.



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर थाना भेज दिया है.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके. दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मरीन ड्राइव पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने शीघ्र सामान्य करा दिया.





