जमशेदपुर: मानगो के पंजाबी लाइन क्षेत्र में सोमवार को चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना में पंजाबी लाइन निवासी 22 वर्षीय राहुल तंतूबाई गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया गया कि वर्कर्स कॉलेज के सामने दो युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया.



घायल राहुल तंतूबाई ने आरोप लगाया कि पंजाबी लाइन निवासी रौशन और 21 वर्षीय रवि गोराई ने उन पर हमला किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रौशन के हाथ में चाकू था, जिससे उसने राहुल पर कई वार किए और उन्हें घायल कर दिया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
राहुल के मित्र अमन सिंह ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमला करने वाले युवक डेंड्राइट के नशे में थे और नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और युवाओं के बीच चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





