धनबाद: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनबाद में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला कारोबार और आउटसोर्सिंग से जुड़े कई कारोबारियों एवं उनके सहयोगियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई से कोयला कारोबार से जुड़े हलकों में हड़कंप मच गया. ईडी की अलग- अलग टीमें मंगलवार सुबह से ही कई स्थानों पर दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच में जुटी रहीं.



सूत्रों के अनुसार छापेमारी की जद में चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह और अनिल गोयल से जुड़े व्यावसायिक सहयोगियों के ठिकाने आए हैं. जिन लोगों के परिसरों पर कार्रवाई की जा रही है उनमें गणेश यादव, शेखर यादव, पप्पू मंडल, हरेंद्र चौहान और आलोक के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं.
ईडी की टीमें घरों और कार्यालयों में मौजूद वित्तीय रिकॉर्ड, बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज, बेनामी संपत्तियों के कागजात, मोबाइल फोन, लैपटॉप और हार्ड ड्राइव सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच कर रही हैं. फिलहाल छापेमारी जारी है और एजेंसी की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है.





