जमशेदपुर: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 33 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 16.5 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है.



सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि रविवार की रात सीतारामडेरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के पास ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप बिहार ले जाने की तैयारी चल रही है. सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली. उसकी पहचान बिहार के पटना निवासी उमेश कुमार के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 33 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. साथ ही एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है.
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में यह मामला अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा माना जा रहा है. पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई में जुटी है. सिटी एसपी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.





