सरायकेला: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की. बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं चिकित्सकों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए.



उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आमजनों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने आयुष्मान भारत योजना सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए.
बैठक में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, टेलीमेडिसिन सेवा, मलेरिया नियंत्रण अभियान, दवा उपलब्धता, एक्सपायरी दवाओं के सुरक्षित निस्तारण तथा स्वास्थ्य केंद्रों में साफ- सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान जून माह में शून्य कंसल्टेशन दर्ज करने वाले दो चिकित्सकों के वेतन भुगतान पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया गया. वहीं निर्धारित लक्ष्य से कम कंसल्टेशन करने वाले चिकित्सकों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया.
बैठक में बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सकों एवं सीएचओ को सम्मानित भी किया गया. उपायुक्त ने घोषणा की कि आगामी 15 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के प्रत्येक प्रखंड से उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक स्वास्थ्यकर्मी को सम्मानित किया जाएगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





