सरायकेला: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के लार्ज स्केल इंडस्ट्रियल एरिया उषा मोड़ स्थित विजय श्री कंपनी के मुख्य गेट पर सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं ने मजदूरों के साथ मिलकर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कंपनी का मुख्य गेट जाम कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और मजदूरों के अधिकारों की बहाली की मांग उठाई.



झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन लंबे समय से मजदूरों का शोषण कर रहा है. श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली न्यूनतम मजदूरी और अन्य वैधानिक सुविधाएं कर्मचारियों को नहीं दी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि जब तक कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) खुले मंच पर आकर मजदूरों की मांगों को स्वीकार नहीं करते और लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व भी इसी कंपनी के गेट पर आंदोलन हुआ था. उस समय प्रबंधन ने बंद कमरे में वार्ता कर मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी सहित श्रम कानूनों के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उन वादों को पूरा नहीं किया गया. इससे मजदूरों में भारी नाराजगी है.
झामुमो नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने राज्य सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ के निर्देशों की भी अनदेखी की है. उन्होंने कहा कि अब किसी बंद कमरे में समझौता नहीं होगा. इस बार वार्ता खुले मंच पर होगी और मजदूरों के हित में ठोस निर्णय लिए जाने के बाद ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा.
इधर, कंपनी गेट पर जारी प्रदर्शन को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस को तैनात किया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है. समाचार लिखे जाने तक कंपनी गेट पर प्रदर्शन और नारेबाजी जारी थी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





