सरायकेला: जिले के खरसावां प्रखंड के रिडींग पंचायत के कुंडियासाई टोला में डायरिया का प्रकोप फैल गया है, जिससे एक बच्चे की मौत हो गई और नौ लोग पीड़ित हैं. मंगलवार देर शाम डायरिया से पीड़ित लाल सिंह सिजुई के दस वर्षीय पुत्र अमर सिंह सिजुई की हालत बिगड़ने पर उसे कुचाई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर करने के दौरान उसकी मृत्यु हो गई.

गांव में डायरिया से एक दर्जन से अधिक लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खरसावां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम बुधवार को कुंडियासाई पहुंची और हालात का जायजा लिया. बीडीओ प्रधान माझी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विरांगना सिंकू सहित अन्य अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया.
डॉ. विरांगना सिंकू ने बताया कि प्रभावित ग्रामीणों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं और जरूरी चिकित्सकीय सलाह दी गई है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके.

