कांड्रा/ Bipin Varshney में नौ दिनों तक चलने वाले बासंती नवरात्र का समापन शुक्रवार को महानवमी के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ. कांड्रा युवक समिति की ओर से आयोजित रामनवमी उत्सव के तहत नौवें दिन विधि-विधान से झंडा पूजन किया गया. इसके बाद नौ कन्याओं का पूजन कर महानवमी पूजा पूर्ण की गई.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नवरात्र के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है और कन्या पूजन को इस पर्व का विशेष और अंतिम अनुष्ठान माना जाता है. इस दौरान कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनकी पूजा- अर्चना की गई और उन्हें खीर, पूड़ी, हलवा जैसे व्यंजनों का प्रसाद अर्पित किया गया. कन्या पूजन के पश्चात युवक समिति द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.

दशमी यानी शनिवार को अखाड़ों में पूजा-अर्चना के बाद भव्य रामनवमी अखाड़ा जुलूस निकाला जाएगा, जिसके साथ ही बासंती नवरात्र सह रामनवमी उत्सव का विधिवत समापन होगा.

इधर पूरे कांड्रा क्षेत्र में उत्सव का माहौल चरम पर रहा. मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही, वहीं बाजारों में भी खास रौनक देखने को मिली. महावीरी झंडे की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही, जबकि फल-फूल की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारी जारी रही. रामनवमी के अवसर पर पूरा क्षेत्र भगवा झंडों से सजा नजर आया, जिससे चारों ओर भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा.

