पलामू: पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 320 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. इस मामले में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष जांच दल (SIT) लगातार छापेमारी कर रहा है.



ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे आईपीएस दिव्यांश शुक्ला, पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (हुसैनाबाद) ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से बिहार की ओर जपला मार्ग के रास्ते एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर हुसैनाबाद थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल की संयुक्त टीम का गठन कर विशेष अभियान चलाया गया.
देर रात गम्हरिया गांव के समीप छतरपुर मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान के दौरान संदिग्ध ट्रक संख्या UP-14 FT-6583 को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान ट्रक के अंदर लकड़ी से बना विशेष गुप्त तहखाना मिला, जिसमें 10 प्लास्टिक के बोरों में कुल 320 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था.
पुलिस ने मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की, जिसमें बरामद पदार्थ गांजा पाया गया. इसके बाद पूरे माल को जब्त कर विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए एफएसएल जांच के लिए भेजा जा रहा है.
मामले में ट्रक चालक राजेश यादव (45 वर्ष), पिता शंकर यादव, निवासी मदनपुर, थाना छतरपुर, जिला पलामू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा की यह खेप छत्तीसगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी. पूछताछ के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं. पूरे गिरोह का खुलासा करने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस के अनुसार, बरामद 320 किलोग्राम गांजा की अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1.5 करोड़ आंकी गई है. अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





