सिमडेगा: जिले के बानो प्रखंड अंतर्गत गेनमेर पंचायत के टोंगरी टोली में बरसात का मौसम स्कूली बच्चों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. गांव के बीच बहने वाला झरिया बारिश के दिनों में उफान पर आ जाता है, जिसके कारण बच्चों को जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने एक बार फिर जिला प्रशासन से यहां पुलिया निर्माण की मांग उठाई है.



जानकारी के अनुसार, टोंगरी टोली के बच्चे रोजाना स्कूल ड्रेस और बैग लेकर घुटनों तक पानी में उतरकर झरिया पार करते हैं. बरसात के दौरान पानी का बहाव तेज होने के बावजूद मासूम बच्चों के पास स्कूल पहुंचने का कोई दूसरा सुरक्षित रास्ता नहीं है.
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या हर वर्ष बारिश के मौसम में सामने आती है. कई बार झरिया में पानी का बहाव इतना अधिक हो जाता है कि बच्चे स्कूल तक नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है. वहीं अभिभावकों को भी हर दिन किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों से यहां पुलिया निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है. उनका कहना है कि यदि जल्द पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान बच्चों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना रहेगा.
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा को ध्यान में रखते हुए टोंगरी टोली में अविलंब पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के दिनों में उन्हें जान जोखिम में डालकर झरिया पार न करना पड़े.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





