रामगढ़: जिले के गिद्दी क्षेत्र स्थित एक क्रेशर में शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी. घटना में 18 वर्षीय करण कुमार, पिता राजू दास, निवासी हनुमान चौक, गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके पैर में दो गोलियां लगी हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.



जानकारी के अनुसार, हेलमेट पहने तीन बदमाश एक मोटरसाइकिल से क्रेशर के पास पहुंचे. बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब 500 मीटर पहले बाइक खड़ी की और पैदल क्रेशर तक पहुंचकर फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान करण कुमार गोली लगने से घायल हो गए.
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों और सीसीएल कर्मियों ने घायल को तत्काल गिद्दी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया.
घटनास्थल से बदमाश एक पर्ची भी छोड़कर फरार हो गए. पर्ची में कथित तौर पर आनंद जैन का नाम लिखते हुए उन्हें “मैनेज” करने की चेतावनी दी गई है और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है.
घटना की सूचना मिलते ही गिद्दी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे वास्तव में राहुल दुबे गैंग का हाथ है या नहीं. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है.
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





