चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र स्थित गैस गोदाम रोड के भाभी होटल चौक पर लाखों रुपये की लागत से लगाई गई हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट महीनों से बंद पड़ी है. इसके कारण रात होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.



स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है. स्ट्रीट लाइट पहले भी कई बार खराब हो चुकी है. हर बार मरम्मत कर इसे चालू किया जाता है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद फिर से बंद हो जाती है. ऐसे में बार-बार हो रही खराबी और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.
लोगों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि स्ट्रीट लाइट नियमित रूप से संचालित नहीं हो पा रही है, तो यह सरकारी धन के समुचित उपयोग पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है. रात के समय अंधेरा रहने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. वहीं पैदल आने-जाने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना बनी रहती है.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार नगर परिषद के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन स्थायी समाधान के बजाय केवल अस्थायी मरम्मत कर मामले को टाल दिया जाता है. परिणामस्वरूप कुछ समय बाद फिर वही स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
लोगों ने मांग की है कि नगर परिषद स्ट्रीट लाइट की तकनीकी जांच कर यह पता लगाए कि आखिर बार-बार खराबी की वजह क्या है. यदि उपकरणों की गुणवत्ता, स्थापना कार्य या रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. साथ ही पूरे नगर परिषद क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाने का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और बेहतर रोशनी उपलब्ध कराना था, लेकिन बार-बार खराब होने से योजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





