जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दलदला मोड़ के समीप शनिवार को हुए सड़क हादसे में भाजपा नारायणपुर मंडल अध्यक्ष बलदेव और भाजपा कार्यकर्ता शिवचरण गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों अपने घर से नारायणपुर की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया.



हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. जांच में बलदेव की पीठ में गंभीर चोट तथा शिवचरण के कंधे में चोट पाई गई. चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई. बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. पुलिस भी घटना की जानकारी जुटाने में लगी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





