सरायकेला: बड़दाड़ स्थित कालूराम चौक शनिवार की रात भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति में पूरी तरह सराबोर नजर आया. कालूराम सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित भव्य ओड़िया भजन संध्या में श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिला. देर रात तक चले इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे और पूरा परिसर “जय जगन्नाथ”, “हरि बोल” तथा “चकाडोला” के जयघोष से गुंजायमान रहा.



भगवान श्री जगन्नाथ को समर्पित इस भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक बलदेव सिंह एंड ग्रुप ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. उनकी सुमधुर गायकी ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण बनाया कि कालूराम चौक मानो श्रीक्षेत्र पुरी की भक्ति में रंग गया. श्रद्धालु देर रात तक भजनों की धुन पर झूमते हुए महाप्रभु के श्रीचरणों में अपनी आस्था अर्पित करते रहे.
कार्यक्रम में त्रिपन्ना, चंचला, बालकिशन, शिवम चौधरी, रवि सतपति, जयराज दास तथा ओडिशा के प्रसिद्ध भजन गायक मनोज ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. कलाकारों ने भगवान श्री जगन्नाथ की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक ओड़िया भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूम उठे.
भजन संध्या में “माधव हे माधव, गुंडीचा रानी लो.”, “आहे नीलशैल.”, “कालिया रे कालिया.”, “जय जगन्नाथ स्वामी, नयन पथगामी.”, “नीलाचल धामकु जाई पारुनी.”, “तोहरि आशीष प्रभु चकाडोला.”, “मो काला ठाकुर, मो प्राणनाथ.” तथा “बड़ा दांडा रे रथ चलुचि.” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया.
कालूराम सेवा ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ ओड़िया संस्कृति, सनातन परंपरा, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं. उन्होंने कहा कि महाप्रभु की कृपा से समाज में प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार हो, यही आयोजन का उद्देश्य है.
कार्यक्रम में कालूराम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, वरीय छऊ मुखौटा गुरु सुशांत महापात्र, भोला मोहंती, राजेंद्र महंती, राजीव महापात्र, तरुण अग्रवाल, संजय चौधरी, राजकुमार चौधरी, अशोक चौधरी, विमल चौधरी, सुनील चौधरी, केशव चौधरी, ललित चौधरी, दिनेश चौधरी, अनमोल चौधरी, अजय चौधरी, आशुतोष चौधरी, आदर्श चौधरी सहित चौधरी परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कालूराम सेवा ट्रस्ट के सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही. समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ के श्रीचरणों में सामूहिक प्रार्थना कर समाज में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी सौहार्द की कामना की.
प्रमोद सिंह (संपादक)





