
जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पाबिया से काशीटॉड जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित पुल के समीप नदी किनारे गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह करीब छह बजे स्थानीय ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.


मृतक की पहचान अशोक रवानी (करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव को नदी किनारे फेंका गया है. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





