राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत बड़ासिजुलता गांव में श्री श्री सार्वजनिक मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने फीता काटकर किया. उनके आगमन से पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला. उद्घाटन के साथ ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया.


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन का पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वागत किया. दुर्गा पूजा को लेकर गांव में उत्सव का माहौल है. श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना और पूजा-अर्चना की तैयारियों में जुटे हुए हैं.

दुर्गा पूजा आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, श्रद्धा और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है. यह पर्व समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव का संदेश देता है. ऐसे धार्मिक आयोजनों से लोगों के बीच मेल-मिलाप बढ़ता है और सामाजिक एकजुटता को मजबूती मिलती है.
उन्होंने सभी लोगों से मिल-जुलकर दुर्गा पूजा का पर्व मनाने तथा आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की.
समिति के पदाधिकारी एवं ग्रामीण रहे उपस्थित
मौके पर श्री श्री सार्वजनिक मां दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष नींबू महाकुड़, उपाध्यक्ष घनश्याम महाकुड़, सचिव परेश महाकुड़, सह सचिव विभीषण महाकुड़ और कोषाध्यक्ष उत्तम महाकुड़ सहित समिति के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

