
जमशेदपुर: मानगो और ओलीडीह क्षेत्र में एक ही रात 12 दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार तथा चोरी का सामान भी बरामद किया है.


पुलिस के अनुसार, 11 और 12 जुलाई की मध्यरात्रि चोरों ने मानगो और ओलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी. बदमाशों ने जगदंबा होटल के समीप स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर तथा मानगो थाना क्षेत्र के वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर और गीतांजली स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था.
दुकानदारों की शिकायत पर ओलीडीह ओपी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व तथा डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार की निगरानी में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने शंकर हेम्ब्रम, मुकदर सामद, गौतम हेम्ब्रम उर्फ डाडू और विक्की मुखी को गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपी ओलीडीह थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मानगो और ओलीडीह की 12 दुकानों में चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उनके पास से चोरी में प्रयुक्त लोहे का चापड़, लोहे का रॉड (साबल), चैन पुली तथा चोरी की एक सिलाई मशीन बरामद की गई है. पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी शंकर हेम्ब्रम के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं. फिलहाल गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है.





