सरायकेला/ Pramod Singh जिले के आदित्यपुर नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के लिए सोमवार को हुआ चुनाव विवादों में घिर गया है. जिला प्रशासन द्वारा अंकुर सिंह को विजयी घोषित किए जाने के बाद अर्चना सिंह के समर्थक पार्षदों ने री- काउंटिंग की मांग कर दी.

बताया जा रहा है कि अंकुर सिंह को 18 मत और अर्चना सिंह को 17 मत मिले. परिणाम घोषित होते ही अर्चना सिंह के समर्थक पार्षद मतदान स्थल पर डट गए और मतों की दोबारा गिनती कराने की मांग करने लगे.
इसी बीच पूर्व सीएम चंपाई सोरेन भी जिला मुख्यालय पहुंच गए हैं. अर्चना सिंह का दावा है कि उन्हें 20 पार्षदों का समर्थन प्राप्त है और इसी आधार पर उनके समर्थक पुनः मतगणना की मांग पर अड़े हुए हैं.

अर्चना सिंह के समर्थन में खड़े पार्षदों में वार्ड 26 की पार्षद वेदना गोप, वार्ड 31 की पार्षद रिंकू राय, वार्ड 25 की पार्षद उत्तरा प्रधान, वार्ड 11 की पार्षद मंजू देवी, वार्ड 1 के पार्षद वनमाली दास, वार्ड 33 के पार्षद श्याम हाईबुरु, वार्ड 4 के पार्षद शुभम कुमार पांडे, वार्ड 3 की पार्षद पिंकी चौधरी, वार्ड 16 की पार्षद राजरानी महतो, वार्ड 27 की पार्षद रिंकी कुमारी, वार्ड 12 के पार्षद मोतीलाल बिसोई, वार्ड 24 के पार्षद राम प्रसाद मुखी, वार्ड 10 के पार्षद शंकर सरदार, वार्ड 32 की पार्षद मालती देवी, वार्ड 35 की पार्षद संगीता समद, वार्ड 14 की पार्षद सुमिता बेहरा, वार्ड 2 की पार्षद सुप्रिया महतो, वार्ड 29 की पार्षद अर्चना कुमारी, वार्ड 6 की पार्षद विनीता कुमारी और वार्ड 34 की पार्षद रीता देवी शामिल हैं. फिलहाल सभी पार्षद पुनः मतगणना की मांग पर अड़े हुए हैं और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है.

