
आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर-4 स्थित रेलवे की जमीन पर बने अस्थायी अतिक्रमण वाले इलाके में बीती रात जमकर हंगामा हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो-तीन युवकों के बीच पहले आपस में मारपीट हुई, जिसके बाद फुटपाथ पर बनी कुछ अस्थायी दुकानों में तोड़फोड़ की गई. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है.


स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रपति के पूर्व निर्धारित दौरे के दौरान चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी संजीव सिंह ने दोबारा अतिक्रमण नहीं होने देने के लिए प्रभावी कार्रवाई की थी. उनके कार्यकाल में आदित्यपुर कॉलोनी और मुख्य सड़कों से काफी हद तक अतिक्रमण हट गया था.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उनके तबादले के बाद धीरे-धीरे फिर से अतिक्रमण बढ़ने लगा है. हैरानी की बात है कि रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा कर व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं तथा रेलवे की बाउंड्री को भी क्षतिग्रस्त किया गया है. इसपर रेल प्रशासन मौन है.
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और रेलवे की जमीन पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर लोगों में चिंता है. फिलहाल इस मामले में पुलिस या रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
देखिए cctv





