
सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह सोमवार को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल प्रखंड स्थित पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) बहुल सुदूरवर्ती गांवों के दौरे पर पहुंचे. उन्होंने घर-घर चल रहे गणना प्रपत्र वितरण एवं मतदाता सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए.


उपायुक्त ने ग्राम पंचायत धुनाबुरु के कोड़ाबुरु टोला, तुलग्राम और पालगाम पहुंचकर मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर गणना प्रपत्रों के वितरण, उन्हें भरने की प्रक्रिया तथा मतदाता सत्यापन अभियान की प्रगति की जानकारी ली. साथ ही मतदाताओं से अपने विवरण का सत्यापन कर समय पर गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त दिव्यांग मतदाताओं के घर भी पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांग, वृद्ध एवं अन्य विशेष श्रेणी के पात्र मतदाताओं तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंच सुनिश्चित की जाए और उन्हें हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए.
इस अवसर पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल नितिन कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी तलेश्वर रविदास, मतदान केंद्र स्तरीय पर्यवेक्षक एवं मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे.
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने, गणना प्रपत्रों का समयबद्ध वितरण, योग्य मतदाताओं का सत्यापन तथा पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी प्रपत्रों और आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन किया जाए ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे.
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया. इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया और ग्रामीणों को जल्द समाधान का भरोसा दिलाया.
उपायुक्त के इस दौरे से यह संदेश गया कि जिला प्रशासन लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए अंतिम गांव और अंतिम मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





