
जमशेदपुर: परसुडीह थाना पुलिस को डकैती की साजिश रचने के मामले में बड़ी सफलता मिली है. वर्ष 2024 से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच में जुट गई है.


सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 25 अक्टूबर 2024 की शाम करीब पांच बजे गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर स्थित एक निर्माणाधीन फ्लैट के पास कुछ अपराधी हथियार के साथ बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सुजल गोप, दिनेश पात्रो उर्फ शुरू बाबू, राकेश पाल उर्फ सोना भगत, सनुष गोप और असीन दास को गिरफ्तार किया था. तलाशी के दौरान राकेश पाल के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया था. सभी आरोपियों को 26 अक्टूबर 2024 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था.
पूछताछ के दौरान पुलिस को लखीकांत गोप उर्फ बेगी और समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप के नामों की जानकारी मिली थी. दोनों घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे. पुलिस ने लगातार छापेमारी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार लखीकांत गोप उर्फ बेगी (35) छोटा गोविंदपुर, परसुडीह का निवासी है. वहीं समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप (34) वर्तमान में छोटा गोविंदपुर के सुभाषनगर में रहता है, जबकि उसका स्थायी पता पोटका थाना क्षेत्र के बंगालीबासा में है.
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है. लखीकांत गोप के खिलाफ वर्ष 2016 में रंगदारी, चोरी और तोड़फोड़ के मामले दर्ज हैं. वहीं समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप पर वर्ष 2018 में रंगदारी, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं.
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके आपराधिक नेटवर्क और संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
Edited By Sarita





