
जामताड़ा: जिला कबड्डी संघ की ओर से दिवंगत अध्यक्ष एवं झारखंड राज्य कबड्डी संघ के पूर्व अध्यक्ष स्व. राजीव रंजन मिश्रा की स्मृति में “राजीव रंजन मिश्रा मेमोरियल बालक सब जूनियर एवं बालिका जूनियर जिला कबड्डी चैंपियनशिप” का आयोजन 12 जुलाई 2026 को किया जाएगा. प्रतियोगिता का आयोजन महिजाम स्थित बेसिक स्कूल ग्राउंड में होगा.


जामताड़ा जिला कबड्डी संघ के ट्रेजरार सह जामताड़ा ओलंपिक संघ के मीडिया प्रभारी मनीष बरनवाल ने बताया कि स्व. राजीव रंजन मिश्रा के खेलों के प्रति समर्पण और उनके योगदान को याद करते हुए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता में जिले के सभी संबद्ध संघों, क्लबों, विद्यालयों तथा खिलाड़ियों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है.
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना और जिले में कबड्डी खेल को नई पहचान दिलाना है. प्रतियोगिता के माध्यम से दिवंगत राजीव रंजन मिश्रा को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी.
जिला कबड्डी संघ ने सभी खेल संगठनों, विद्यालयों और क्लबों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है. संघ का मानना है कि खिलाड़ियों की व्यापक भागीदारी से जिले में कबड्डी खेल को नई दिशा मिलेगी और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा मिलेगा.
प्रतियोगिता को सफल और यादगार बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. इस अवसर पर जामताड़ा जिला कबड्डी संघ के संयुक्त सचिव राज कमल कुमार तथा संघ के संरक्षक अरविंद कुमार ओझा ‘चिटू’ भी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





