
सरायकेला: भाजपा नेत्री एवं जामा की पूर्व विधायक सीता सोरेन रविवार को आदित्यपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने डीडी बार हत्याकांड में मृत हिमांशु सिंह के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.


परिजनों से मुलाकात के बाद सीता सोरेन ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और आम लोगों में भय का माहौल है.
सीता सोरेन ने कहा कि हिमांशु सिंह एक होनहार युवा था और अपने माता- पिता का इकलौता सहारा था. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कस्टडी में उसकी निर्मम हत्या हुई है, जो राज्य की बिगड़ती कानून- व्यवस्था का गंभीर उदाहरण है. उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए.
उन्होंने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से फोन पर पूरे मामले की जानकारी ली और इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है.
सीता सोरेन ने लोगों से अन्याय और अपराध के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि जनता को ऐसी सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी चाहिए, जो कानून- व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है.
उल्लेखनीय है कि जमशेदपुर के डीडी बार में हुई घटना के बाद हिमांशु सिंह की मौत को लेकर पूरे कोल्हान क्षेत्र में आक्रोश है. मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है.
Edited By Sarita





