चाईबासा: खुंटपानी प्रखंड मुख्यालय में खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने जन वितरण प्रणाली के डीलरों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में राशन वितरण व्यवस्था और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई. इस दौरान पीडीएस डीलरों के साथ जनप्रतिनिधि और विभिन्न पंचायतों से आए ग्रामीण मौजूद रहे.


विधायक दशरथ गागराई ने पीडीएस डीलरों से राशन वितरण में पूरी पारदर्शिता बरतने और लाभुकों को निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने को कहा. उन्होंने कहा कि वितरण से संबंधित अभिलेखों को भी नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए. राशन वितरण से संबंधित शिकायत मिलने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया.
मांदर-नगाड़े की थाप से जीवित रहेगी जनजातीय संस्कृति
बैठक के बाद विधायक दशरथ गागराई ने जनजातीय समुदाय के लोगों के बीच मांदर, नगाड़ा, ढाक सहित अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों का वितरण किया. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं में पारंपरिक वाद्य यंत्रों का महत्वपूर्ण स्थान है. इनके संरक्षण और संवर्धन से युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़े रखने में मदद मिलेगी.
बैठक में विधायक दशरथ गागराई, बीडीओ धनंजय पाठक, अंचल अधिकारी फुलेश्वर साहु, जिला परिषद सदस्य जमुना तियू, विधायक प्रतिनिधि दुर्गाचरण पाडिया सहित प्रखंड कर्मी एवं पीडीएस दुकानदार मौजूद रहे.

