कुचाई: प्रखंड के सुदूरवर्ती और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र रोलाहातु पंचायत में मंगलवार को करीब एक करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया. अनाबद्ध निधि से स्वीकृत योजनाओं की आधारशिला खरसावां विधायक दशरथ गागराई सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर रखी.


योजनाओं के तहत लुदुबेड़ा चौक से कसराउली होते हुए डांगील तक तीन हिस्सों में कुल 1170 मीटर PCC सड़क तथा 200 मीटर नाली का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा गिलुआ गांव में दो कमरों वाले विद्यालय भवन का भी निर्माण होगा. योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन, जल निकासी और शिक्षा के क्षेत्र में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
जर्जर पुल-पुलिया का विधायक ने किया निरीक्षण
शिलान्यास के दौरान विधायक दशरथ गागराई ने क्षेत्र के पुल-पुलिया का भी निरीक्षण किया. बरसात के दौरान पहाड़ से आने वाले पानी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त सड़क, नाली, पुलिया और एप्रोच रोड की स्थिति देखी. उन्होंने संबंधित लोगों को आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी नहीं हो.
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि रोलाहातु जैसे दुर्गम क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है. सड़क बनने से ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल, स्कूल और प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा होगी. वहीं विद्यालय भवन बनने से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा. उन्होंने ग्रामीणों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी नजर रखने की अपील की.
योजनाओं से ग्रामीणों में उत्साह
विकास योजनाओं के शिलान्यास को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जताई और विधायक दशरथ गागराई के समर्थन में जयकारे लगाए. ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में खराब सड़क के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती है. PCC सड़क बनने से इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, धर्मेंद्र कुमार मुंडा, भरत सिंह मुंडा, मुखिया सात्री सांगा, करम सिंह मुंडा, राम सोय, राहुल सोय, संवेदक राकेश सिंह, चंद्रमोहन मुंडा, भोंज सांगा, धुसाराम मुंडा, जीवन कांडीर, साव कांडीर, जौवन कांडीर, धर्मदास कांडीर, गोवरा मुंडा, दशरथ महतो और सुनील सोय सहित ग्रामीण मौजूद रहे.

