
चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद में शनिवार को नगर परिषद के प्रशासक गोपी कृष्ण के निर्देश पर कार्यरत ड्राइवर, हेल्पर, इलेक्ट्रिशियन एवं प्लंबर के लिए विशेष सुरक्षा जागरूकता एवं कार्यस्थल अनुशासन प्रशिक्षण (टूल बॉक्स टॉक) का आयोजन किया गया. प्रशिक्षण का संचालन नगर प्रबंधक एवं पर्यवेक्षक द्वारा किया गया.


प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना था. इस दौरान कर्मचारियों को समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित रहने, निर्धारित कार्य अवधि का पालन करने तथा कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया.
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले सभी सुरक्षा मानकों का पालन करना आवश्यक है. कर्मचारियों को सेफ्टी हेलमेट, सेफ्टी शूज़, रिफ्लेक्टिव जैकेट, दस्ताने एवं सेफ्टी गॉगल्स के सही उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही बताया गया कि इन सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग दुर्घटनाओं से बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक है.
प्रशिक्षण के दौरान वाहन चालकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से वाहन संचालन, हेल्परों को सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाने, इलेक्ट्रिशियन को विद्युत सुरक्षा नियमों एवं लॉक आउट/टैग आउट (Lock Out/Tag Out) प्रक्रिया तथा प्लंबरों को सुरक्षित कार्य प्रणाली, कार्यस्थल की स्वच्छता बनाए रखने और उपकरणों के सही उपयोग संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
कर्मचारियों को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की विभिन्न सुविधाओं, चिकित्सा सहायता, दुर्घटना बीमा एवं अन्य लाभों की भी जानकारी दी गई. साथ ही दैनिक वेतन (डेली वेजेज) से जुड़े नियमों, नियमित उपस्थिति के महत्व तथा कार्य को पूरी जिम्मेदारी और गुणवत्ता के साथ संपन्न करने के लिए प्रेरित किया गया.
अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य नगर परिषद की प्राथमिकता है. इसलिए सभी कर्मचारियों के लिए निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने, बिना अनुमति अनुपस्थित रहने, कार्य करने से इंकार करने अथवा विभागीय निर्देशों का लगातार उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर ऐसे कर्मचारियों को कार्य से भी हटाया जा सकता है.
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी कर्मचारी सुरक्षित वातावरण में कार्य कर सकें और नगर परिषद की सेवाओं को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनहितकारी बनाया जा सके. कार्यक्रम में नगर प्रबंधक, पर्यवेक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ड्राइवर, हेल्पर, इलेक्ट्रिशियन और प्लंबर उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक






