राजनगर: प्रखंड के चांवरबांधा गांव में सुराई मेमोरियल क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ. प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया. खिताबी मुकाबले में मुसाफिर एफसी ने सीडीएफसी छोलागोड़ा को 1-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.


समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी उपस्थित रहीं. विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो के वरिष्ठ नेता सह शिक्षाविद प्रोफेसर कालीपद सोरेन और प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम मौजूद रहे. इसके अलावा गोपाल महतो, छूटू लाल महतो, दिलीप महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. फाइनल मुकाबला देखने के लिए मैदान में हजारों की संख्या में खेलप्रेमी जुटे.
रोमांचक मुकाबले में एक गोल ने तय किया विजेता
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया. मुकाबला काफी रोमांचक रहा. निर्णायक क्षण में मुसाफिर एफसी ने गोल दागकर 1-0 की बढ़त बना ली. इसके बाद सीडीएफसी छोलागोड़ा ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली. निर्धारित समय तक स्कोर 1-0 रहा और मुसाफिर एफसी ने खिताब अपने नाम कर लिया.
विजेता को 1.15 लाख, उपविजेता को 75 हजार रुपये
पुरस्कार वितरण समारोह में सांसद जोबा माझी ने विजेता मुसाफिर एफसी को 1 लाख 15 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया. वहीं उपविजेता सीडीएफसी छोलागोड़ा को 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई.
प्रतियोगिता में सावान स्पोर्टिंग अमलाटांड़ ने तीसरा और मनस स्पोर्टिंग चांवरबांधा ने चौथा स्थान हासिल किया. दोनों टीमों को भी आयोजकों की ओर से नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं: जोबा माझी
सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत इन प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने की है. खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है.
प्रोफेसर कालीपद सोरेन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है. खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है.
फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान में बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों की भीड़ जुटी रही. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह से पूरा मैदान खेलमय बना रहा. समापन समारोह में सुराई मेमोरियल क्लब की आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: सरिता महतो

