सरायकेला: सीनी ओपी का प्रभार संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर ओपी प्रभारी गौरव कुमार ने शराब दुकान में हुई चोरी के मामले का उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से देसी कट्टा, दो गोलियां, दो मोबाइल फोन, चोरी की विदेशी शराब की 10 बोतलें, एक मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं.


गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधीनगर, छोटा शिव मंदिर के समीप रहने वाले 22 वर्षीय बादल समासी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है.
वेंटिलेटर और टीन की छत काटकर हुई थी चोरी
पुलिस के मुताबिक 8 सितंबर की रात सीनी ओपी क्षेत्र के सीनी मोड़ स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त विदेशी शराब दुकान के वेंटिलेटर और टीन की छत काटकर शराब की बोतलें चोरी कर ली गई थीं.
घटना को लेकर सरायकेला थाना अंतर्गत सीनी ओपी में कांड संख्या 86/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 334(1) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था. पुलिस टीम ने तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर छापेमारी शुरू की.
बादल समासी गिरफ्तार, एक विधि- विरुद्ध बालक निरुद्ध
जांच के क्रम में पुलिस ने बादल समासी को गिरफ्तार किया, जबकि मामले में संलिप्त एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया. पुलिस ने आरोपी के पास से और उसकी निशानदेही पर चोरी की शराब के साथ हथियार एवं अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है.
पुलिस ने एक देसी कट्टा, दो गोलियां, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और गोल्फर शॉट कंपनी की विदेशी शराब की 10 बोतलें बरामद की हैं. इसके अलावा दुकान का वेंटिलेटर और टीन की छत काटने में कथित रूप से इस्तेमाल किए गए प्लास, लोहे का कटर और पेचकस भी जब्त किया गया है.
आदित्यपुर शराब दुकान चोरी से भी जुड़े तार
पुलिस के अनुसार पूछताछ में बादल समासी ने 14 सितंबर को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शेरे पंजाब स्थित डीएस टावर की विदेशी शराब दुकान में हुई चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. इस मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 250/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 334(1) में मामला दर्ज है. पुलिस अब दोनों घटनाओं के बीच की कड़ियों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
बागबेड़ा थाने में पहले से तीन मामले दर्ज होने का दावा
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बादल समासी के खिलाफ बागबेड़ा थाने में पूर्व से तीन मामले दर्ज हैं. इनमें बागबेड़ा थाना कांड संख्या 98/2025 आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 और 35 के तहत दर्ज है. दूसरा मामला बागबेड़ा थाना कांड संख्या 96/2025 भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत दर्ज है. वहीं बागबेड़ा थाना कांड संख्या 55/2021 भारतीय दंड संहिता की धारा 380 के तहत चोरी से संबंधित बताया गया है.
गौरव कुमार के नेतृत्व में हुई छापेमारी
इस कार्रवाई में सीनी ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार के नेतृत्व में सहायक अवर निरीक्षक हरे कृष्ण महतो, सुगदा हांसदा तथा सीनी ओपी के आरक्षित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
ओपी प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि क्षेत्र में चोरी, अवैध गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है. अपराध में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने आम लोगों से भी क्षेत्र में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है. सीनी शराब दुकान में हुई चोरी के खुलासे के साथ आदित्यपुर की शराब दुकान में हुई चोरी से भी तार जुड़ने की बात सामने आई है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपी और उससे जुड़े अन्य लोग कहीं दूसरी घटनाओं में भी शामिल तो नहीं रहे हैं.
प्रमोद सिंह (संपादक)

