जमशेदपुर: टाटा मोटर्स प्लांट के कर्मचारियों के बहुप्रतीक्षित वार्षिक बोनस समझौते पर सोमवार को प्रबंधन और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच सहमति बन गई. लंबी वार्ता के बाद इस वर्ष कर्मचारियों को 14 प्रतिशत बोनस देने पर मुहर लगी. समझौते के तहत कर्मचारियों को अधिकतम 85,176 रुपये और औसतन 52,637 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे.


बोनस समझौते के साथ रोजगार के मोर्चे पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. प्रबंधन और यूनियन के बीच 151 फुल टर्म अप्रेंटिस (FTA) की नई बहाली पर सहमति बनी है. इसके अलावा प्रत्येक कर्मचारी को 1,150 रुपये का टोकन गिफ्ट भी दिया जाएगा.
पिछले साल से बढ़ा बोनस
वित्तीय वर्ष 2024-25 में टाटा मोटर्स के कर्मचारियों को 12.3 प्रतिशत बोनस मिला था. उस समय अधिकतम बोनस 75,223 रुपये और औसत बोनस 50,160 रुपये था. इस बार बोनस बढ़कर 14 प्रतिशत होने से कर्मचारियों को मिलने वाली राशि में भी बढ़ोतरी हुई है.
पिछले वर्ष करीब 1,200 बाइसिक्स कर्मियों को 8.33 प्रतिशत बोनस दिया गया था, जबकि 225 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 15,085 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई थी.
151 FTA की बहाली पर बनी सहमति
इस वर्ष के समझौते में बोनस के साथ अप्रेंटिस बहाली का मुद्दा भी महत्वपूर्ण रहा. प्रबंधन ने 151 फुल टर्म अप्रेंटिस की नई बहाली पर सहमति जताई है. इससे प्लांट में रोजगार के नए अवसर खुलने का रास्ता साफ हुआ है.
बोनस वार्ता के दौरान यूनियन की ओर से अप्रेंटिस की अधिक से अधिक बहाली का मुद्दा लगातार उठाया जा रहा था. अंतिम समझौते में 151 FTA की बहाली पर सहमति बनने को यूनियन की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है.
समझौते के बाद कंपनी गेट पर मना जश्न
बोनस समझौते की खबर मिलते ही कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई. कंपनी गेट पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. कर्मचारियों और यूनियन समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी.
यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह का कर्मचारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया. ढोल-नगाड़ों की धुन पर कर्मचारियों ने नृत्य कर बोनस समझौते और नई बहाली पर खुशी का इजहार किया.
बोनस समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान प्लांट हेड अनुराग छारिया, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह समेत प्रबंधन और यूनियन के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे.

