
जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीपहाड़ी गांव में सूने मकान में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात, महत्वपूर्ण दस्तावेज और घरेलू सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत थाना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है.


जानकारी के अनुसार कालीपहाड़ी निवासी चायना देवी अपने परिवार के साथ रोजगार के सिलसिले में बाहर रहती हैं. वह 22 मई को अपने घर आई थीं और 26 मई को मकान में ताला लगाकर वापस चली गई थीं. शनिवार को पड़ोसियों ने उन्हें घर का ताला टूटा होने की सूचना दी. इसके बाद जब वह घर पहुंचीं तो देखा कि दोनों कमरों के ताले टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था.

पीड़िता के अनुसार, एक कमरे से करीब 70 हजार रुपये नकद, जमीन और बैंक से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी हो गए. वहीं दूसरे कमरे से 30 हजार रुपये नकद, लगभग 15 हजार रुपये के जेवरात, चार चांदी के कड़े, दो जोड़ी बाली तथा करीब 60 किलोग्राम का गैस सिलेंडर भी गायब मिला.
चायना देवी ने अपनी शिकायत में गांव के ही एक युवक पर संदेह जताया है. उनका आरोप है कि उक्त युवक पहले भी जमीन विवाद को लेकर उनके पति को धमकी दे चुका था और उसी के इशारे पर चोरी की घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है.
पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. साथ ही पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जाएगी. पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी का भरोसा दिलाया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






