सरायकेला: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के साथ चौक-चौराहों पर अड्डेबाजी और नशाखोरी पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है. कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार गश्त और जांच अभियान चला रही है. देर रात तक क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.


पुलिस टीम प्रमुख चौक-चौराहों के साथ संवेदनशील और सुनसान इलाकों में भी निगरानी कर रही है. इस दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ के साथ वाहनों की जांच भी की जा रही है. पुलिस का विशेष ध्यान उन स्थानों पर है, जहां देर रात युवाओं के जमावड़े, अड्डेबाजी या नशाखोरी की शिकायतें मिलती रही हैं.
नशाखोरी और अड्डेबाजी बर्दाश्त नहीं: प्रभारी
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण रखना पुलिस की प्राथमिकता है. नशाखोरी, अड्डेबाजी और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने होटल, रेस्टोरेंट और दुकानदारों को भी स्पष्ट चेतावनी दी है कि उनके प्रतिष्ठानों पर किसी प्रकार की अवैध गतिविधि या नशे का सेवन कराए जाने की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अपराध होने से पहले रोकना भी अभियान का उद्देश्य
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गश्त का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध को रोकने के लिए पहले से निगरानी व्यवस्था मजबूत करना भी है. रात के समय लगातार पेट्रोलिंग और जांच अभियान के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
कपाली ओपी पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, नशाखोरी या अपराध से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान यथासंभव गोपनीय रखी जाएगी. ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी है. आने वाले दिनों में क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में गश्त और जांच अभियान को और तेज किया जाएगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

