
सरायकेला: जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन पर अब प्रशासन का शिकंजा और कसने वाला है. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की मौजूदगी में बुधवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए.


बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि एनजीटी अवधि के दौरान नदी तल से किसी भी प्रकार का अवैध बालू खनन किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके लिए संबंधित विभागों को सतत निगरानी रखने और संयुक्त रूप से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को समन्वय स्थापित कर अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने को कहा.
समीक्षा के दौरान जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथि ने बताया कि जिले के खनन पट्टा क्षेत्रों एवं ईंट भट्टों की मैपिंग पूरी कर ली गई है. इस पर उपायुक्त ने स्टोन क्रशरों और डीलर लाइसेंसधारियों को भी मैपिंग प्रक्रिया में शामिल करने तथा जिले के सभी प्रखंडों का स्पष्ट सीमांकन प्रदर्शित करने का निर्देश दिया.
बैठक में झारखंड मिनरल्स नियमावली तथा झारखंड माइनर मिनरल कन्सेशन नियमावली में हुए संशोधनों की भी जानकारी दी गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पूर्व बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को भी ऑनलाइन माध्यम से इन संशोधनों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए.
वहीं जिन बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनके संचालन के लिए ग्राम सभा की स्वीकृति जल्द प्राप्त करने का निर्देश दिया गया. साथ ही पाटा टोल प्लाजा से लंबित वीडियो फुटेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया.
बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को शेष ईंट भट्टों का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने तथा जिला परिवहन पदाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी को खनिज परिवहन में लगे वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि खनिज परिवहन करने वाले सभी वाहनों में तिरपाल से ढंकाई अनिवार्य होगी और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, संयुक्त छापेमारी अभियान और सूचना तंत्र को और मजबूत करने पर जोर देते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए.
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी, जिले के सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि सहित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सदस्य एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
प्रमोद सिंह
संपादक






