
सरायकेला: राष्ट्रीय सुंडी समाज के केंद्रीय अध्यक्ष कृतिवास मंडल ने संगठन विस्तार के तहत संजय मंडल को सरायकेला- खरसावां जिला अध्यक्ष तथा श्रवण कुमार मंडल को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया है. दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद समाज के लोगों में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं.


नवनियुक्त जिला अध्यक्ष संजय मंडल ने केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि समाज सेवा उनकी पहली प्राथमिकता होगी तथा सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा.
उन्होंने कहा कि शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, युवा सशक्तिकरण और समाज के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किया जाएगा. साथ ही समाज में एकता, भाईचारा और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देने के लिए सभी सदस्यों के सहयोग से आगे बढ़ने का संकल्प लिया.
वहीं नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष श्रवण कुमार मंडल ने भी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे समाज के हित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे.
संजय मंडल ने समाज के लोगों से सहयोग और सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और एकजुटता से ही समाज को नई पहचान और नई दिशा मिल सकती है. उनकी नियुक्ति पर समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों पदाधिकारियों को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल






