
सरायकेला: सरायकेला- टाटा मुख्य मार्ग की जर्जर सड़क ने बुधवार को एक और परिवार की खुशियां छीन लीं. जिला समाहरणालय (डीसी ऑफिस) के समीप टीवीएस शोरूम के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार सुलेखा महतो की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए.


जानकारी के अनुसार, सुलेखा महतो अपने देवर के साथ किसी आवश्यक कार्य से डीसी ऑफिस आई थीं. काम पूरा कर दोनों सोनुवा स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान डीसी ऑफिस के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि सुलेखा महतो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक वाहन समेत फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने सरायकेला- टाटा मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को दुर्घटना का प्रमुख कारण बताते हुए कहा कि सड़क पर बड़े- बड़े गड्ढे, उखड़ी सतह और ओवरलोड वाहनों का दबाव लगातार जानलेवा साबित हो रहा है. कई बार शिकायतों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराए जाने पर लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए.
स्थानीय नागरिकों ने सड़क की तत्काल मरम्मत, ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान और दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की हालत नहीं सुधारी गई, तो ऐसे हादसे आगे भी लोगों की जान लेते रहेंगे.
प्रमोद सिंह
संपादक






