
सरायकेला: विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर मंगलवार को सरायकेला के इंडोर स्टेडियम से बिरसा स्टेडियम तक भव्य क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया. खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और सामाजिक प्रतिनिधियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया.


सुबह आयोजित इस दौड़ में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया. इंडोर स्टेडियम से शुरू हुई क्रॉस कंट्री रेस बिरसा स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई, जहां विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया. कार्यक्रम में खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया तथा युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया.
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार , जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, दिलदार अंसारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि “विश्व ओलंपिक दिवस केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और खेल संस्कृति से जोड़ने का अवसर है. खिलाड़ियों का उत्साह देखकर खुशी हुई. नगर पंचायत खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करती रहेगी.
वहीं विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने कहा कि “खेल समाज को सकारात्मक दिशा देने का सबसे मजबूत माध्यम है. सरायकेला के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है. आवश्यकता है कि ऐसे आयोजनों को और व्यापक बनाया जाए तथा प्रशासनिक स्तर पर भी खेल गतिविधियों को अपेक्षित महत्व मिले ताकि खिलाड़ियों का मनोबल बढ़े.
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण एवं खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के साथ हुआ.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह






