
समस्तीपुर: जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े गिट्टी व्यवसायी सोनू सिंह (40) की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना रेक प्वाइंट के पास हुई, जहां सोनू सिंह कुछ लोगों के साथ ताश खेल रहे थे. इसी दौरान पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने पहले इलाके में दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग की और फिर सोनू सिंह के सिर में गोली मार दी. परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने कुल पांच राउंड फायरिंग की.


गोली लगने के बाद घटनास्थल पर अफरा- तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर- उधर भागने लगे. गंभीर रूप से घायल सोनू सिंह को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया. इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद मृतक की पत्नी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गोली लगने के बाद सोनू सिंह करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर तड़पते रहे, लेकिन समय पर न तो पुलिस पहुंची और न ही उन्हें तत्काल इलाज मिल सका. उनका आरोप है कि यदि समय पर चिकित्सीय सहायता मिल जाती तो शायद उनके पति की जान बचाई जा सकती थी. उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है.
मामले में सदर डीएसपी-1 संजय कुमार पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी और घायल का फर्द बयान भी दर्ज किया गया था. उन्होंने कहा कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
घटना से नाराज ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश जारी है.
Edited By Sarita






