
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सड़क दुर्घटना में पैदल जा रहा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा एनएच-33 पर दुबराजपुर गांव के समीप शाम करीब 7:45 बजे हुआ.


प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सड़क पर पैदल जा रहे व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया.
स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चांडिल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है. क्षेत्र में कानून- व्यवस्था सामान्य बनी हुई है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर






