
जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी, पोखारी एवं आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज और नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की विभिन्न शाखाओं के सैकड़ों छात्र- छात्राओं, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, शिक्षकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.


कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने कपालभाति, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया. नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की विभिन्न शाखाओं से पहुंचे छोटे-छोटे बच्चों ने भी आकर्षक योग प्रदर्शन कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रेरक संदेश दिया.
इस अवसर पर संस्थान के कुलाधिपति एवं सचिव मदन मोहन सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने का संपूर्ण विज्ञान है. उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में विद्यार्थियों, शिक्षकों और चिकित्सकों के लिए योग बेहद आवश्यक है. सभी को योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए.

वहीं विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान और योग दोनों का उद्देश्य मानव कल्याण है. योग से मानसिक एकाग्रता, तनाव नियंत्रण और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है, जो विद्यार्थियों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए अत्यंत आवश्यक है.
कार्यक्रम के समापन पर चिकित्सकों एवं शिक्षकों ने योग के महत्व, तनाव प्रबंधन, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली पर परिचर्चा भी की. सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
Edited By Sarita


