
रांची: शुक्रवार को आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी हरेलाल महतो ने झारखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने राज्यसभा चुनाव में जीत पर सांसद को बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.


मुलाकात के दौरान हरेलाल महतो ने सांसद परिमल नाथवानी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और झारखंड की कला, संस्कृति एवं परंपरा को दर्शाने वाला स्मृति-चिह्न भेंट किया. दोनों नेताओं के बीच झारखंड के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई.
हरेलाल महतो ने विशेष रूप से ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा. उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सकारात्मक पहल और सहयोग की अपेक्षा जताई.
उन्होंने ईचागढ़ की वर्तमान परिस्थितियों और क्षेत्रवासियों की विकास संबंधी अपेक्षाओं से भी सांसद को अवगत कराया. इस दौरान उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परिमल नाथवानी अपने अनुभव और सक्रिय भूमिका के माध्यम से राज्य तथा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के मुद्दों को राज्यसभा में मजबूती से उठाएंगे.
मुलाकात के बाद हरेलाल महतो ने कहा कि परिमल नाथवानी एक सरल, सहज और जनहित के प्रति संवेदनशील व्यक्तित्व हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका कार्यकाल झारखंड के विकास और जनता की आकांक्षाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.


