
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ- गोइलकेरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां झाड़गांव- चांदीपोस पुलिया के पास एक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार 3 बच्चों समेत 6 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई.


जानकारी के अनुसार सभी लोग डलाईकेला मेला देखकर टोटो से अपने गांव बलजोड़ी लौट रहे थे. इसी दौरान झाड़गांव- चांदीपोस पुलिया के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और टोटो सड़क पर पलट गया. हादसे में टोटो पर सवार सभी यात्री घायल हो गए.
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया. घायलों में दो महिलाओं की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों से घटना की जानकारी ली. इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त टोटो को जब्त कर जांच शुरू कर दी.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है. वहीं इस हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक


