
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में एक बच्चे को तेज रफ्तार कार से बचाने के लिए दी गई सामान्य सलाह ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. मामूली विवाद के बाद कथित तौर पर कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ “चटनी डॉन” और उसके सहयोगियों पर एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है. पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिया सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.


मामला आदर्श नगर ग्वाला बस्ती का है. पीड़िता पूजा देवी ने 15 जून को सोनारी थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया कि उनके पति ओम प्रकाश सिंह घर के बाहर बैठे हुए थे. इसी दौरान घर के सामने एक छोटा बच्चा खेल रहा था. तभी एक स्विफ्ट डिजायर कार तेज रफ्तार से वहां से गुजरी और बच्चा बाल-बाल दुर्घटना का शिकार होने से बच गया.
बताया गया कि ओम प्रकाश सिंह ने कार चालक पवन यादव को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी. आरोप है कि इसी बात को लेकर पवन यादव भड़क गया और उसने ओम प्रकाश सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी.
आरोप है कि कार में मौजूद प्रिया सिंह उर्फ “चटनी डॉन” ने अपने सहयोगियों को मौके पर बुला लिया. कुछ ही देर में कई लोग हथियारों के साथ वहां पहुंचे और पूजा देवी समेत उनके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया. हमलावरों ने धारदार हथियारों से वार कर कई लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोनारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिया सिंह उर्फ “चटनी डॉन” को गिरफ्तार कर लिया.
प्रेस वार्ता में डीएसपी मुख्यालय-2 मनोज कुमार ने बताया कि प्रिया सिंह के खिलाफ मारपीट, लूट, छिनतई, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट सहित करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार वह स्थानीय व्यवसायियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का संचालन करती थी.
पुलिस ने यह भी बताया कि प्रिया सिंह के खिलाफ पूर्व में झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 के तहत जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है. फिलहाल पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.


