जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र के आमबगान स्थित स्मार्ट बाजार के समीप गाली- गलौज से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया. घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


पुलिस के अनुसार मिहिजाम थाना कांड संख्या 40/26 के तहत आमबगान निवासी बाबूलाल कुण्डू की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मनीष साव और अभिषेक साव ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और बाद में मारपीट कर घायल कर दिया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की जांच सहायक अवर निरीक्षक सोमबारी हेम्ब्रम को सौंपी गई है.
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल मामले में किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

