रांची: राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर बीती रात पेट्रोल बम से हमले की कोशिश का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार दो युवक कार्यालय के बाहर पहुंचकर संदिग्ध वस्तु फेंकते हुए नजर आ रहे हैं.


प्राप्त जानकारी के अनुसार हमलावर सॉस की बोतलों में पेट्रोल भरकर लाए थे और उन्हें RSS कार्यालय परिसर के अंदर फेंकने का प्रयास किया. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवकों ने दो बार बोतल फेंकी, लेकिन दोनों बार उनका निशाना चूक गया. बोतलें बाउंड्री वॉल पार नहीं कर सकीं और परिसर के बाहर ही गिर गईं. इससे एक बड़ा हादसा टल गया.

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम और विशेष जांच दल को लगाया गया है. वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे किसी संगठन या बड़े षड्यंत्र का हाथ तो नहीं है. फिलहाल राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं.

