सरायकेला: जिले के चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने अविनाश कुमार को नया ओपी प्रभारी नियुक्त किया है. यह नियुक्ति पूर्व ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के निलंबन के बाद की गई है.


गौरतलब है कि आदिवासी युवती से मारपीट के चर्चित मामले में लापरवाही और विवादों को लेकर पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार को निलंबित कर दिया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अविनाश कुमार को कपाली ओपी की जिम्मेदारी सौंपी है.
नए ओपी प्रभारी के सामने क्षेत्र में कानून- व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध नियंत्रण करने और जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़ाने की बड़ी चुनौती होगी. पुलिस सूत्रों के अनुसार उन्हें लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, शांति व्यवस्था कायम रखने और जनसरोकार से जुड़े मामलों में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया है.
पुलिस विभाग में इस बदलाव को जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अविनाश इससे पूर्व आमदा ओपी प्रभारी और तिरुलडीह थाना प्रभारी के रूप में उल्लेखनीय सेवा दे चुके हैं. उनकी गिनती तेज- तर्रार ऑफिसर के रूप में होती है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

