सरायकेला: जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती के साथ कथित हिंसा और बल प्रयोग के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कपाली ओपी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.


पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 जून 2026 को हुई घटना की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल को जिम्मेदारी सौंपी गई थी. जांच के दौरान प्रथम दृष्टया कपाली ओपी प्रभारी थीरंजन कुमार, कपाली ओपी में पदस्थापित मो. मुकेलेश रहमान तथा महिला आरक्षी कंचन की भूमिका संदिग्ध पाई गई.
जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. एसपी की इस सख्त कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
Edited By Sarita Mahato

