जमशेदपुर: सोमवार को टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनने की घटना ने कुछ ही घंटों में हाई-वोल्टेज पुलिस ऑपरेशन का रूप ले लिया. इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ ‘गबरू’ ने पुलिस पर दो अलग- अलग मौकों पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी.


एसएसपी पियूष पांडेय ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सोमवार शाम टेल्को क्षेत्र में एक महिला से बाइक सवार दो अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली थी. घटना की सूचना मिलते ही सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया गया और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई.
इसी दौरान सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम को संदिग्ध बाइक पर दो युवक दिखाई दिए. पुलिस ने पीछा किया तो दोनों आरोपी सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर और जैप-6 परिसर की ओर भागने लगे. घेराबंदी के दौरान मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ ‘गबरू’ ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. हालांकि पुलिस ने संयम और सतर्कता का परिचय देते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
मामला यहीं नहीं रुका. देर रात पुलिस जब आरोपियों को उनकी निशानदेही पर छीनी गई चेन और अन्य सामान की बरामदगी के लिए लेकर गई, तब मुख्य आरोपी ने अचानक एक पुलिस अधिकारी को धक्का देकर उसकी सरकारी पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर दोबारा गोली चला दी.
एसएसपी पियूष पांडेय ने बताया कि पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया. इस दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं दूसरे आरोपी को पुलिस ने सुरक्षित हिरासत में रखा है.
एसएसपी ने बताया कि दोनों अपराधियों के पूर्व से आपराधिक इतिहास रहे हैं. उनकी निशानदेही पर एक देसी पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस, लूटा गया सोने का चेन, नंबर प्लेट, अपाचे बाईक बरामद किए गए हैं. पुलिस उनके गिरोह और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है. घटना ने शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस और पुलिस की त्वरित कार्रवाई दोनों को एक साथ सामने ला दिया है.
Edited By Sarita Mahato

