सरायकेला: जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और अनुशासित बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है. कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में आदित्यपुर थाना में पदस्थापित दो सब इंस्पेक्टरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.


जारी आदेश के अनुसार सब इंस्पेक्टर रमण विश्वकर्मा और सुनील प्रमाणिक के खिलाफ विभागीय कार्यों में गंभीर लापरवाही की शिकायतों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है. एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया.
जानकारी के मुताबिक निलंबन अवधि के दौरान दोनों पुलिस अधिकारियों को विभागीय नियमों के तहत निर्धारित स्थान पर योगदान देना होगा. साथ ही उन्हें पुलिस मुख्यालय और विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और कार्य संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इस निर्णय से पुलिस कर्मियों के बीच स्पष्ट संदेश गया है कि कर्तव्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पुलिस महकमे में हुई इस कार्रवाई के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल है. वहीं आम लोगों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा आम जनता का भरोसा भी मजबूत होगा.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

